शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने केंद्र सरकार से अमृतसर से तख्त श्री हजूर साहिब, नांदेड़ और तख्त श्री पटना साहिब के लिए सीधी उड़ानें दोबारा शुरू करने की मांग की है। यह मांग अमृतसर में आयोजित ‘हब-एंड-स्पोक ईजी कनेक्ट सेवा’ के शुभारंभ समारोह के दौरान उठाई गई। एसजीपीसी की ओर से केंद्रीय नागर विमानन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि अमृतसर-नांदेड़ सीधी उड़ान अक्टूबर 2021 से बंद है। सीधी उड़ानें बंद होने से श्रद्धालुओं को लंबी और कठिन यात्रा करनी पड़ रही है। वर्तमान में उन्हें ट्रेन या अन्य साधनों से लगभग 35 घंटे का सफर तय करना पड़ता है। ट्रेनों में टिकट के लिए महीनों पहले आरक्षण कराना पड़ता है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी होती है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह यात्रा विशेष रूप से कठिन साबित हो रही है। एसजीपीसी ने कहा कि कोरोना महामारी से पहले पटना साहिब और नांदेड़ के लिए सीधी उड़ान सेवाएं उपलब्ध थीं। केंद्रीय सचिव समीर कुमार सिन्हा ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए इसे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी पटना-अमृतसर उड़ान शुरू कराने के प्रयास करने की बात कही। एसजीपीसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए दोनों धार्मिक स्थलों के लिए सीधी उड़ानें जल्द बहाल करने की अपील की है। Source: Source Post navigation अमृतसर में पौधारोपण अभियान तेज, कैनाल कॉलोनी और स्कूलों में लगाए गए सैकड़ों पौधे समाज सेवा के लिए हेड मुंशी हरमनजीत सिंह का सम्मान, सामाजिक संगठनों ने किया अभिनंदन