फतेहाबाद शहर में नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। सुबह बाजारों में पहुंची टीम ने सबसे पहले हंस मार्केट से रेहड़ियां हटवाईं। इसके बाद थाना रोड पर दुकानों के बाहर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। दुकानों के सामने रखे होर्डिंग्स और साइन बोर्ड भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बाजार में खड़ी बग्गी हटाए जाने पर उसके संचालक ने विरोध करते हुए गरीबों पर कार्रवाई का आरोप लगाया। पुलिस और अधिकारियों ने समझाइश देकर उसे शांत कराया। इससे एक दिन पहले भी प्रशासन ने हंस मार्केट में पहुंचकर रेहड़ी संचालकों को अतिक्रमण हटाने के लिए एक दिन का समय दिया था। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अवैध कब्जों और रेहड़ियों के कारण बाजारों में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को काफी परेशानी होती है। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य बाजारों में यातायात और व्यवस्था को सुचारु बनाना है। नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस की टीमें आगे भी नियमित निगरानी करेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Source: Source