हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस ने अंतरराज्यीय भैंस चोरी गिरोह का खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का बड़तौली गांव गिरोह का मुख्य ठिकाना बना हुआ था। चोरी की गई भैंसों को वहां पहुंचाकर पशु मेलों में बेच दिया जाता था। गिरोह में हर सदस्य की जिम्मेदारी पहले से तय होती थी। पुलिस पूछताछ में चोरी की वारदातों की पूरी रणनीति सामने आई है। कोसली सीआईए ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। आरोपियों में बड़तौली निवासी मोहम्मद सलमान, महेंद्रगढ़ निवासी राजू बंजारा और जयपुर निवासी गोपी उर्फ पांडू बंजारा शामिल हैं। आरोपियों ने जुलाई में छह वारदातों में सात भैंस और तीन कटड़ी चोरी करने की बात सामने आई है। गिरोह का एक सदस्य पशु व्यापारी बनकर गांवों में जाकर पशुओं की पहचान करता था। इसके बाद अन्य सदस्य सुरक्षित रास्तों और चोरी की योजना तैयार करते थे। चोरी के बाद पशुओं को पिकअप वाहन से उत्तर प्रदेश ले जाया जाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए पशुओं की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। अभी तक चोरी की गई भैंसों को बरामद नहीं किया जा सका है।

Source: Source