भिवानी की एक महिला ने उत्तर प्रदेश में ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार शादी के चार दिन बाद ही उससे 2 लाख रुपए दहेज की मांग की जाने लगी। महिला का निकाह 6 दिसंबर 2025 को शाहबाज उर्फ सोनू से हुआ था। उसने बताया कि शादी में उसके परिवार ने लाखों रुपये खर्च किए और आभूषण व अन्य सामान दिया था। महिला का आरोप है कि पति शराब और नशीले पदार्थों का सेवन कर उसके साथ मारपीट करता था। उसने ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया। शिकायत में कहा गया कि मांग पूरी नहीं करने पर उसे घर से निकालने की धमकी दी गई। महिला के अनुसार उसे कई बार प्रताड़ित किया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई। परेशान होकर उसने मायके वालों को जानकारी दी, लेकिन समझाने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Source: Source