दुर्ग पुलिस ने वर्ष 2026 में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। जनवरी से अब तक 120 मामलों में 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान 39.29 लाख रुपये नकद और 1.65 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने 522 मोबाइल, 32 लैपटॉप तथा 70 बाइक और कार भी बरामद की हैं। जुआ के 30 मामलों में 221 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सट्टे के 65 मामलों में 155 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। ऑनलाइन सट्टे के 25 मामलों में 101 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस अब केवल मौके पर पकड़े गए आरोपियों तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क, संचालकों और आर्थिक लाभ लेने वालों की जांच कर रही है। डिजिटल साक्ष्य, बैंक खातों, यूपीआई लेन-देन, मोबाइल डेटा और सोशल मीडिया गतिविधियों का भी विश्लेषण किया जा रहा है। कई मामलों में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्ति और वित्तीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, संगठित जुआ और सट्टा गिरोहों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Source: Source