हरियाणा के कैथल में पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पशुओं की लिक्विड दवा में प्रतिबंधित नशीली गोलियां मिलाकर नशे का घोल तैयार करता था। पुलिस के अनुसार, वह इस घोल को छोटी शीशियों में भरकर नशेड़ियों को बेचता था। आरोपी प्रति शीशी करीब 200 रुपये वसूलता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुहला निवासी जसविंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नशीली गोलियां, नशीला घोल और खाली शीशियां बरामद की हैं। जांच के दौरान आरोपी के पास से बुप्रेनोरफिन की 10 प्रतिबंधित गोलियां भी मिलीं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने नशीला घोल तैयार कर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।

Source: Source