छत्तीसगढ़ के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए नई सुविधा शुरू की गई है। इंडियनऑयल ने बिलासपुर में एक्सप्रेस एलपीजी डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस सुविधा के तहत 10 किलो के फ्री ट्रेड एलपीजी कंपोजिट सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी। कंपनी का दावा है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद अधिकतम तीन घंटे के भीतर सिलेंडर घर पहुंचाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबे इंतजार से राहत मिलेगी। बिलासपुर इस सुविधा से जुड़ने वाला प्रदेश का दूसरा प्रमुख शहर बन गया है। इससे पहले रायपुर में यह सेवा शुरू की गई थी। नई व्यवस्था डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने के साथ उपभोक्ता सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में कदम है। उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से सिलेंडर की बुकिंग कर इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इंडियनऑयल की यह पहल तेज और सुविधाजनक गैस वितरण व्यवस्था विकसित करने का प्रयास है।

Source: Source