फाजिल्का में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। BSF की 55वीं बटालियन और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने करीब 30 किलो हेरोइन बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 150 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। काउंटर इंटेलिजेंस को नशा तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर शतीरवाला रोड पर विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में गट्टों के भीतर छिपाए गए 53 पैकेट बरामद हुए। जांच में पैकेटों में हेरोइन होने की पुष्टि हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों फाजिल्का जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं। उनके खिलाफ स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल थाना फाजिल्का में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ में हेरोइन की खेप के स्रोत और इसके आगे के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।

Source: Source