गुरुग्राम के मानेसर नगर निगम सदन की हाउस मीटिंग आज आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव करेंगी। पिछली बैठक में मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर समर्थक पार्षदों के बीच जमकर विवाद हुआ था। बहस के बाद सदन में धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हंगामा हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। इसी तनाव को देखते हुए आज निगम कार्यालय में पुलिस तैनात रहेगी। बैठक आईएमटी सेक्टर-8 स्थित नगर निगम कार्यालय के मुख्य सभागार में होगी। इसमें दर्जनों गांवों और सेक्टरों से जुड़े विकास कार्यों पर चर्चा की जाएगी। बुनियादी ढांचे, सफाई व्यवस्था और आगामी बजट से जुड़े करोड़ों रुपये के प्रस्ताव भी बैठक में रखे जाएंगे। मानसून के दौरान सामने आई समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा प्रस्तावित है। दोनों गुटों के पार्षद एक बार फिर आमने-सामने होंगे, जिससे हंगामे की आशंका जताई जा रही है। सीनियर डिप्टी मेयर खेमे के पार्षद पिछली घटना को लेकर मेयर को घेर सकते हैं। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। माना जा रहा है कि बैठक में सदन की गरिमा बनाए रखना और विकास प्रस्तावों को बिना गतिरोध पारित कराना मेयर के लिए बड़ी चुनौती होगी।

Source: Source