हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज हर घर तिरंगा अभियान के तहत राज्य स्तरीय तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस यात्रा की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री खुद लोगों के साथ तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में लोगों के यात्रा में शामिल होने की तैयारी की गई है। इस बार हर घर तिरंगा अभियान को वंदे मातरम की थीम से जोड़ा गया है। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को स्वतंत्रता संग्राम और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। तिरंगा यात्रा पिपली सेक्टर-2 से शुरू होकर पुलिस लाइन, नया बस अड्डा और द्रोणाचार्य स्टेडियम मार्ग से गुजरेगी। इसके बाद यात्रा लघु सचिवालय परिसर होते हुए शहीदी स्मारक पहुंचेगी। शहीदी स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया था। प्रशासन ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए तैयारियां की हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भी मनाया जाएगा। गुरुग्राम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत 13 अगस्त को प्रदर्शनी और 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा आयोजित की जाएगी।

Source: Source