फाजिल्का के जलालाबाद में STF ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कार सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 किलो 672 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई ANTF फिरोजपुर रेंज से मिले इनपुट और तकनीकी जानकारी के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने जलालाबाद-फाजिल्का हाईवे पर हरिकृष्ण सिनेमा के पास कार को रोका। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसप्रीत, आकाश सिंह और अनमोलप्रीत के रूप में हुई है। इनमें दो आरोपी फिरोजपुर के रहने वाले हैं, जबकि एक गांव गुलाम पधरा का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 20 से 25 वर्ष की उम्र के हैं। पुलिस अब पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से लाई गई थी। यह भी जांच की जा रही है कि नशे की खेप को आगे कहां सप्लाई किया जाना था। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी है। रिमांड के दौरान नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Source: Source