चंडीगढ़ से नांदेड़ साहिब के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने का फैसला अब एयरलाइंस कंपनियों पर निर्भर है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट फिलहाल 21 शहरों से हवाई सेवा के जरिए जुड़ा हुआ है। वहीं नांदेड़ एयरपोर्ट से आठ शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होती हैं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट अथॉरिटी पहले ही कई एयरलाइंस को उड़ान शुरू करने के लिए आमंत्रित कर चुकी है। अथॉरिटी की ओर से संबंधित कंपनियों को प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। मंत्रालय के अनुसार घरेलू विमानन क्षेत्र 1994 में एयर कॉरपोरेशन्स एक्ट खत्म होने के बाद नियंत्रण मुक्त हो गया था। इसके तहत एयरलाइंस कंपनियां अपनी व्यावसायिक जरूरत के अनुसार रूट और नेटवर्क तय करती हैं। किसी नए रूट पर उड़ान शुरू करने से पहले यात्री मांग, संभावित संख्या और कमाई जैसे पहलुओं का आकलन किया जाता है। नांदेड़ साहिब सिख धर्म के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल तख्त श्री हजूर साहिब के लिए प्रसिद्ध है। पंजाब से फिलहाल नांदेड़ के लिए कोई सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है। अमृतसर से चलने वाली सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन नांदेड़ तक सीधी पहुंचती है और करीब 30 से 32 घंटे लेती है। यात्री कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए हैदराबाद या पुणे पहुंचकर सड़क या ट्रेन से भी नांदेड़ जा सकते हैं।

Source: Source