इंदौर के क्षिप्रा थाना क्षेत्र में पांच दोस्तों से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। वारदात इंदौर-देवास बायपास पर 8 अगस्त की रात हुई। दोस्त कार रोककर सड़क किनारे सेल्फी ले रहे थे, तभी एक कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे युवकों ने पहले दोस्तों से गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में एक युवक के पैर पर चोट लगी और उनकी कार का कांच भी टूट गया। इसके बाद आरोपी दो मोबाइल फोन लूटकर CG-07 नंबर की कार से फरार हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गए थे और लौटते समय वारदात की। क्षिप्रा पुलिस ने कार के रजिस्ट्रेशन और लूटे गए मोबाइल की लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। दोनों सुराग पुलिस को भिलाई तक ले गए। जांच में कार शास्त्री नगर निवासी बिट्टू साहू के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। पुलिस ने भिलाई पहुंचकर बिट्टू के घर के आसपास घेराबंदी की और आरोपियों की तलाश शुरू की।

Source: Source