जींद के नरवाना में उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीएम जगदीश चंद्र ने की। अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर समाधान का प्रयास किया। शिविर में कुल छह शिकायतें प्राप्त हुईं। नरवाना में समाधान शिविर हर सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेगा। इसका उद्देश्य लोगों की शिकायतों का जल्द निपटारा और सरकारी सेवाओं का सुगम लाभ सुनिश्चित करना है। एसडीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारियों को रिपोर्ट भी प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरसात के मौसम को देखते हुए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। नालों, नालियों और सीवरेज व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ जलभराव वाले स्थानों से जल्द पानी निकालने को कहा गया। बिजली के खंभों, तारों, पेयजल व्यवस्था, खुले नालों और क्षतिग्रस्त रास्तों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति में सभी विभागों को आपसी तालमेल से तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

Source: Source