नारनौल साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर टेलीग्राम के जरिए 86,800 रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयपुर निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गांव बलाहा कलां निवासी अमित कुमार ने साइबर थाना नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता को व्हाट्सऐप पर घर बैठे ऑनलाइन कमाई का लालच देकर संपर्क किया गया था। इसके बाद उसे टेलीग्राम के जरिए अलग-अलग ऑनलाइन टास्क दिए गए। शुरुआत में छोटे टास्क करवाकर कुछ रकम वापस भेजी गई, जिससे शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया गया। बाद में अधिक मुनाफे का लालच देकर उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए गए। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने निकासी और टैक्स के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे। अलग-अलग बहानों से शिकायतकर्ता से कुल 86,800 रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने तकनीकी जांच, बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जयपुर के लालपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस अब ठगी में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Source: Source