हरियाणा के नारनौल के अटेली क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को कथित अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की। पुलिस के अनुसार टीम बाछौद बाईपास क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान युवक के हथियार लेकर खड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जीन्स की दाहिनी जेब से एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक कट्टे की बैरल खाली थी। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने हथियार का माप लेकर उसका स्केच तैयार किया और उसे जब्त कर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान ई-साक्ष्य के तहत फोटो और वीडियो भी रिकॉर्ड किए गए। आरोपी के खिलाफ थाना अटेली में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Source: Source