हिसार के सूर्य नगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या के विरोध में खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने प्रदर्शन किया। पानीपत के डाहर टोल प्लाजा पर कुंडू खाप और किसानों ने धरना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सभी हत्यारों की गिरफ्तारी तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने हरियाणा में आंदोलन जारी रखने की भी चेतावनी दी। चोगामा खाप के प्रधान धर्मपाल कुंडू ने कहा कि हत्याकांड को 10 दिन बीतने के बावजूद मुख्य आरोपी रमेश शर्मा फरार है। खाप नेताओं ने सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इंसाफ मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। प्रदर्शन को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस जिला प्रधान रमेश मलिक ने भी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। मलिक ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी भाजपा के एक प्रभावशाली मंत्री का रिश्तेदार है, जिसके चलते गिरफ्तारी में कथित तौर पर देरी हो रही है। उन्होंने राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। खाप के राष्ट्रीय प्रवक्ता दयानंद कुंडू ने बताया कि जीवन पर सुबह करीब 5:30 बजे पड़ोसी और उसके साथियों ने हमला किया था। हमले में गंभीर रूप से घायल जीवन की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृत्यु से पहले सामने आए वीडियो में जीवन ने पड़ोसी रमेश और कई अज्ञात युवकों पर हमला करने का आरोप लगाया था। बीच-बचाव करने पहुंची जीवन की पत्नी पर भी हमलावरों ने कथित तौर पर बरछी से हमला कर दिया था। खाप और किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

Source: Source