जालंधर के किशनपुरा इलाके में किराए के पैसे को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद गुस्साए किराएदार ने कथित तौर पर मकान मालिक के घर पर हमला कर दिया। घटना रविवार देर शाम हुई और इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में एक युवक घर पर ईंटें फेंकता दिखाई दे रहा है। मकान मालिक के अनुसार, सुबह किराए के पैसे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद किराएदार ने बाहर से कुछ युवकों को बुला लिया। आरोप है कि युवकों ने मकान मालिक के साथ मारपीट की और तेजधार हथियारों से हमला किया। हमलावरों ने ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें भी फेंकीं। हमले के दौरान गली में खड़ी बाइक और स्कूटी में भी तोड़फोड़ की गई। मकान मालिक का दावा है कि किराएदार के परिवार ने करीब एक साल से किराया नहीं दिया था। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रामामंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Source: Source