रायपुर में एक महिला का बैग लेकर Rapido चालक के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। महिला ने घर लौटने के लिए Rapido ऐप से बाइक बुक की थी। रास्ते में उसने फल खरीदकर उन्हें अपने बैग में रखा था। बैग में महिला के दो मोबाइल फोन भी रखे हुए थे। घर पहुंचने पर महिला ने बैग निकालने की कोशिश की। आरोप है कि चालक बिना किराया लिए तेज रफ्तार से वहां से फरार हो गया। महिला ने चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। रास्ते में जाम के कारण चालक कुछ देर के लिए दिखाई दिया, लेकिन महिला को देखकर दूसरी गली में भाग गया। महिला ने दूसरे व्यक्ति के फोन से अपने बेटे को घटना की जानकारी दी। बैग में ओप्पो और रेडमी के दो मोबाइल फोन थे, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात Rapido चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

Source: Source