होशियारपुर के वाल्मीकि मोहल्ले में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। बरामदे की छत गिरने से 75 वर्षीय कमला देवी की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। घटना के समय कमला देवी बरामदे में सो रही थीं। अचानक छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। महिला मलबे के नीचे दब गई थी, जिसे लोगों ने बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें सरकारी अस्पताल होशियारपुर ले जाया गया। इलाज के दौरान कमला देवी ने दम तोड़ दिया। उन्हें अस्पताल पहुंचाने में भावधस के जिला प्रधान चिंटू हंस और रिटायर्ड डीएसपी मलकीत सिंह ने मदद की। हादसे के समय महिला के पति मोहन लाल दूसरे कमरे में सो रहे थे। उनका बेटा बिंदर भी घर के अलग कमरे में सो रहा था। अलग कमरों में होने के कारण दोनों हादसे की चपेट में आने से बच गए। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है। हादसे के कारणों को लेकर स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।

Source: Source