गुरुग्राम के सेक्टर-55 के पास गोल्फ कोर्स रोड पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसा अलसुबह करीब चार बजे सेक्टर-55 कट के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पति-पत्नी, दो बच्चों और एक अन्य महिला समेत पांच लोग घायल हुए। कार के दरवाजे लॉक होने के कारण घायल अंदर फंस गए थे। राहगीरों ने लोहे की रॉड और पत्थरों की मदद से कार के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया गया। कार चालक और दोनों बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पत्नी को गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें ICU में निगरानी में रखा गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताई जा रही है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।

Source: Source