बेमेतरा जिले में चोरी के एक मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंघौरी में हुई चोरी के मामले में एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद सुमोन खान के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के दिनाजपुर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के भारत में दाखिल हुआ था। उसने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाई। आरोपी बेमेतरा में किराए का मकान लेकर रहता था। पुलिस का आरोप है कि वह चोरी की वारदातों से पहले इलाके की रेकी करता था। इसके बाद वह मकानों को निशाना बनाकर चोरी और नकबजनी करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चार राज्यों में ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है। सिंघौरी में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Source: Source