उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वह रायपुर स्थित AIIMS के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। मंत्रालय में हुई बैठक में अधिकारियों को तय प्रोटोकॉल के अनुसार व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। एयरपोर्ट से AIIMS तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी करने को कहा गया। अधिकारियों को प्रवेश और निकास की योजना भी व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट और AIIMS में स्वागत व अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान चिकित्सा और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। ठहरने, बिजली, प्रकाश और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। दीक्षांत समारोह में बैठने की व्यवस्था भारत सरकार के प्रोटोकॉल और निर्धारित डायस प्लान के अनुसार होगी। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से की जाएगी। AIIMS प्रबंधन को समारोह की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Source: Source