राष्ट्रीय सेवा योजना, दुर्गा महाविद्यालय की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। आयोजन प्रजापति ब्रह्माकुमारी मेडिकल विंग, माउंट आबू और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से हुआ। मुख्य वक्ता सौम्या दीदी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने छोटी-छोटी कहानियों के जरिए नशे के शारीरिक और मानसिक नुकसान समझाए। उन्होंने बताया कि नशे की लत का असर पूरे परिवार पर भी पड़ता है। नशे के कारण आर्थिक नुकसान और पारिवारिक परेशानियां बढ़ सकती हैं। विद्यार्थियों से तनाव या दोस्तों के दबाव में नशे की शुरुआत नहीं करने की अपील की गई। कॉलेज प्राचार्य प्रतिभा मुखर्जी ने मोबाइल के सही और गलत इस्तेमाल को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी सुनीता चंसोरिया ने खेल, योग, संगीत और ध्यान जैसी गतिविधियों को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में 200 से अधिक विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्य और कॉलेज के प्रोफेसर व विद्यार्थी मौजूद रहे।

Source: Source