भिवानी की थाना सिविल लाइन पुलिस ने चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डेरे में रखे बैग से लाखों रुपये चोरी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के संगरूर निवासी राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की रकम में से 4 लाख रुपये बरामद किए हैं। शिकायत के अनुसार राजीव कॉलोनी स्थित एक डेरे में राहुल खाना बनाने का काम करता था। आरोप है कि उसने अलग-अलग तारीखों में बैग से करीब 8 से 9 लाख रुपये चोरी किए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस चौकी सेक्टर-13 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने शौक पूरे करने और पैसों के लालच में चोरी करने की बात बताई है। पुलिस अब चोरी की बाकी रकम बरामद करने का प्रयास कर रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी है। रिमांड के दौरान उससे चोरी की शेष रकम और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

Source: Source