फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद की भीम बस्ती में नौकरी करने की बात कहने पर अपने पिता को चाकू मारकर घायल करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घायल पिता का इलाज इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसको जेल भेज दिया गया है। घर में कहासुनी के बाद किया हमला पुलिस के अनुसार, भीम बस्ती निवासी बालकिशन 16 अगस्त की शाम अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने अपने बड़े बेटे विकास उर्फ विक्की से जीवन-यापन के लिए नौकरी या कोई काम करने के लिए कहा। गाली-गलौज के बाद चाकू से वार नौकरी करने की बात पर विकास अपने पिता से बहस करने लगा। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर उसने पिता के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद घर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर पिता पर हमला कर दिया। चाकू लगने से बालकिशन घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार पिता की शिकायत पर ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी विकास उर्फ विक्की की तलाश शुरू की। पुलिस ने 19 अगस्त को उसे सैनी चौक, ओल्ड फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पहले भी दर्ज हैं चार आपराधिक मामले पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विकास का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ फरीदाबाद और पलवल में चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Source: Source