जालंधर में एपीजे कॉलेज के पास पुलिसकर्मी की कार और स्कूली बच्चों से भरे ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पुलिसकर्मी ने घायल बच्चे की मदद करने के बजाय अपनी कार को हुए नुकसान का जायजा लिया। घायल बच्चे को पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल बच्चा ICU में भर्ती है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। हादसे के बाद बच्चे के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल से सामने आई तस्वीरों में मां को बच्चे के लिए खुद स्ट्रेचर की व्यवस्था करते देखा गया। पुलिसकर्मी गुरनाम सिंह ने हादसे के लिए ऑटो चालक का ध्यान भटकने को जिम्मेदार बताया है। उसका कहना है कि वह अमृतसर से जालंधर PAP जा रहा था। पुलिसकर्मी ने दावा किया कि बच्चे की हालत अब स्थिर है। हालांकि, घायल बच्चे की मदद करने के बजाय कार को हुए नुकसान को देखने के आरोपों पर वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। घटना को लेकर पुलिसकर्मी के आचरण पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Source: Source