छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मवेशियों से भरी एक पिकअप वाहन पलट गई। घटना लैलूंगा थाना क्षेत्र में दुर्गापुर-लारीपानी के बीच हुई। पिकअप में कुल 9 मवेशी लोड थे, जो हादसे में घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मवेशियों को कथित तौर पर दूसरे राज्य के बूचड़खाने ले जाने की आशंका जताई है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीण की सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर झारखंड नंबर की पिकअप पलटी हुई मिली। पुलिस के अनुसार मवेशियों को भूखे-प्यासे और कथित क्रूरता के साथ परिवहन किया जा रहा था। उन्हें ओडिशा या झारखंड की ओर ले जाने की आशंका है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिवहन अधिनियम 2004 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।

Source: Source