बेमेतरा के बेलतरा गांव में मुक्तिधाम जाने वाला रास्ता बदहाल होने पर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। दो लोगों की मौत के बाद शवों को मुक्तिधाम ले जाने में परेशानी हुई तो परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के कारण करीब डेढ़ किलोमीटर का रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल गया है। रास्ते पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और ट्रैक्टर तक फंस रहे हैं। खराब सड़क के कारण अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाना भी बेहद कठिन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि वे सड़क निर्माण के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार आवेदन दे चुके हैं। करीब तीन महीने पहले भी उन्होंने कलेक्टर से मिलकर समस्या बताई थी। आंदोलन की सूचना पर तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। तहसीलदार ने 15 दिनों के भीतर सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क खाली कर दोनों शवों को अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम पहुंचाया। ग्रामीणों ने करीब 900 मीटर कच्चे मार्ग पर सीसी रोड बनाने की मांग की है। कलेक्टर ने बताया कि सड़क का आकलन तैयार कर प्रशासन को भेजा गया है और बजट के अनुसार निर्माण के प्रयास किए जाएंगे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि 15 दिनों में समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।

Source: Source