रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर काठुवास टोल के पास रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे उसके दोस्त को भी गंभीर चोटें आई हैं। मृतक की पहचान 48 वर्षीय मनोज कुमार के रूप में हुई है। मनोज अपने दोस्त सुरेंद्र के साथ बाइक से नारनौल की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रोडवेज बस ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार को मनोज कुमार की मौत हो गई। सुरेंद्र का अस्पताल में इलाज जारी है। मनोज रेवाड़ी के अजय नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। वह तीन बच्चों के पिता थे और परिवार में अकेले कमाने वाले बताए गए हैं। मनोज के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। उनके भाई की शिकायत पर खोल थाना पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

Source: Source