झज्जर के दुल्हेड़ा गांव में करीब 570 वर्ग गज के प्लॉट को लेकर चल रहा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दिल्ली के निजामपुर से पहुंचे कुछ लोगों पर गांव के युवकों से मारपीट करने का आरोप है। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दूसरे पक्ष को घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। संघर्ष में कई लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर बादली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने मामले में 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 17 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छह आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। झड़प के दौरान दो स्कॉर्पियो और एक वैगनआर में भी तोड़फोड़ की गई। तीनों वाहनों के शीशे टूटे और टायर फटे मिले। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलते दिखाई दे रहे हैं और पुलिस टीम के घेराव का भी दावा किया गया है। पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपियों से हथियारों और जमीन विवाद की वजह समेत अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पूछताछ कर रही है।

Source: Source