गुरुग्राम में बसई और गढ़ी हरसरू रेलवे स्टेशनों के बीच शनिवार को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर गुरुग्राम रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। मृतक के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला है। पुलिस अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं कर पाई है। शव को पहचान के लिए गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की है। मृतक के हुलिए और कपड़ों के आधार पर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी प्रसारित कर रही है। मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से मृतक की पहचान या किसी लापता व्यक्ति के संबंध में जानकारी साझा करने की अपील की है।

Source: Source