फरीदकोट से 10 अगस्त को लापता हुई तीन नाबालिग छात्राओं का मुंबई में सुराग मिला है। थाना सिटी-2 पुलिस ने छात्राओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच के बाद यह इनपुट हासिल किया। इसके आधार पर पुलिस की एक टीम मुंबई पहुंच चुकी है। पुलिस तीनों छात्राओं को सुरक्षित बरामद करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्राएं फरीदकोट से मुंबई कैसे पहुंचीं। यह भी पता नहीं चला है कि उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति है या वे खुद मुंबई गईं। पुलिस का कहना है कि छात्राओं के मिलने के बाद पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तीनों छात्राएं 10 अगस्त की सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। वे सरकारी स्कूल की 10वीं कक्षा में पढ़ती हैं। उस दिन वे स्कूल नहीं पहुंचीं और इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 12 अगस्त को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया था। परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी व्यक्ति ने छात्राओं को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस की प्राथमिकता फिलहाल तीनों की सुरक्षित बरामदगी है।

Source: Source