हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से BJP विधायक सुधीर शर्मा ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान विजिलेंस द्वारा पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर आपत्ति जताई। सुधीर शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को इस संबंध में पत्र सौंपा। नोटिस पुलिस प्रमुख समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ दिया गया है। विधायक का आरोप है कि सत्र के दौरान उन्हें एक मामले की जांच के सिलसिले में शिमला स्थित विजिलेंस कार्यालय बुलाया गया। उन्होंने इसे मानसिक प्रताड़ना और परेशान करने का प्रयास बताया। सुधीर शर्मा के अनुसार संबंधित मामला धर्मशाला में दर्ज है और जांच अधिकारी व दस्तावेज भी वहीं मौजूद हैं। ऐसे में शिमला बुलाकर पूछताछ किए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान विधायक के रूप में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं। बीते शुक्रवार को विजिलेंस मुख्यालय में उनसे करीब पौने दो घंटे तक पूछताछ हुई थी। पूछताछ के बाद उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन का मामला उठाया। अब विधानसभा अध्यक्ष तय करेंगे कि नोटिस पर नियमानुसार क्या कार्रवाई की जाती है।

Source: Source