फतेहाबाद की 4 मरला कॉलोनी में तेज म्यूजिक से परेशान लोगों को राहत मिली है। SDM कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने देर रात एक जिम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो साउंड सिस्टम जब्त किए। मामला स्थानीय निवासी ईशा कुमारी की शिकायत के बाद शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके घर के सामने स्थित द फिटनेस सागा जिम में सुबह-शाम तेज आवाज में संगीत बजाया जाता है। महिला ने पुलिस, SDM कार्यालय और CM विंडो पर कई शिकायतें की थीं। शिकायत में जिम संचालक पर बिना अनुमति रिहायशी इलाके में जिम चलाने का आरोप भी लगाया गया था। जांच के दौरान तेज संगीत की शिकायत सही पाए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने जिम संचालक को BNSS की धारा 172(1) के तहत नोटिस भी दिया था। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने पर संगीत धीमा कर दिया जाता और टीम के जाते ही फिर तेज आवाज में बजाया जाता था। इसके बाद पुलिस ने मामला SDM कोर्ट के सामने रखा। कोर्ट ने तेज आवाज में संगीत को ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक परेशानी से जुड़ा मामला माना। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस टीम जिम पहुंची और संचालक से बहसबाजी के बावजूद दोनों साउंड सिस्टम जब्त कर लिए। पुलिस ने कहा कि रिहायशी इलाकों में ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। Source: Source Post navigation पंचकूला में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा, ब्लैकमेलिंग की धमकी पर ₹50 हजार जुर्माना JSSC CGL विवाद में 99 अधिकारियों को राहत, नौकरी से हटाने के सरकारी आदेश पर झारखंड हाईकोर्ट की रोक