केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वह सक्ती जिले के जेठा गांव स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस दौरान 122 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत प्रदेश के 2 लाख परिवारों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। आवास हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ भी सौंपी जाएगी। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी कई योजनाओं की शुरुआत होगी। AI आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का भी शुभारंभ किया जाएगा। नई तकनीक से आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन को अधिक पारदर्शी बनाने का दावा है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक शामिल होंगे। पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी पहलों की भी शुरुआत की जाएगी।

Source: Source