राजनांदगांव में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए व्यापारियों ने पहल की है। चेंबर ऑफ कॉमर्स के जिला अध्यक्ष कमलेश बैद के नेतृत्व में व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक में करीब 50 से 60 व्यापारियों ने हिस्सा लिया। वन-वे व्यवस्था, पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर चर्चा हुई। व्यापारियों ने दुकानों का सामान सड़क या सार्वजनिक स्थान पर नहीं रखने पर सहमति जताई। बाहर सामान मिलने पर नगर निगम को नियमानुसार कार्रवाई की अनुमति होगी। आगामी त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए व्यवस्था सुधारने पर जोर दिया गया। गुरुद्वारा चौक से वन-वे व्यवस्था शुरू करने और प्रमुख चौकों पर आवागमन व्यवस्थित करने की योजना पर चर्चा हुई। पुत्रीशाला स्कूल, गंज चौक क्षेत्र और महावीर चौक में पार्किंग स्थल विकसित करने पर सहमति बनी। गन चौक क्षेत्र में लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था सुधारने के सुझाव भी आए। छोटे पसरा व्यापारियों के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने पर सकारात्मक चर्चा हुई। व्यापारियों ने शासन-प्रशासन के साथ समन्वय कर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने की जिम्मेदारी ली। आगे की व्यवस्था को लागू करने के लिए व्यापारियों की पांच से छह सदस्यों की समिति बनाई गई है।

Source: Source