गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा स्थित प्रेस क्लब भवन में जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान पर प्रेसवार्ता की। एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी नवज्योति पटनायक ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी मतदाता सूची में गड़बड़ी और पारदर्शिता का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत 13 करोड़ से ज्यादा नाम हटाए गए हैं। पटनायक ने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद 27 लाख से ज्यादा नाम हटाए गए और लाखों अपीलें लंबित हैं। कांग्रेस नेताओं ने 2023 के उस कानून का विरोध किया, जिसके तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर एक केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि इस बदलाव से चुनाव आयोग की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने उनके इस्तीफे की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Source: Source