भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे तरनतारन जिले के खालड़ा सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान गांव डलीरी के खेतों से एक सर्बिया निर्मित 7.62 एमएम की पिस्तौल और दो खाली मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। थाना खालड़ा की सब-इंस्पेक्टर आरजू कंबोज ने बताया कि बीएसएफ की 115वीं बटालियन की बीओपी बाबा पीर के कंपनी कमांडर एल.एस. शर्मा को खेतों में पीले रंग की टेप से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट पड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बीएसएफ और खालड़ा पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर पैकेट खोला, तो उसमें से विदेशी तकनीक की सर्बिया निर्मित पिस्तौल और दो खाली मैगजीन बरामद हुईं। बीएसएफ अधिकारियों ने जब्त हथियार और मैगजीन को कानूनी कार्रवाई के लिए थाना खालड़ा पुलिस के हवाले कर दिया है। एसआई आरजू कंबोज के अनुसार, पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा नंबर 318 दर्ज किया है और यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट (धारा 25/54/59) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 25, 26 व 29 के तहत की गई है। पुलिस शुरुआती जांच में आशंका जता रही है कि यह हथियार और मैगजीन ड्रोन के माध्यम से या सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में भेजे गए हो सकते हैं और पुलिस इस अवैध तस्करी से जुड़े भारतीय संपर्कों की पहचान करने के लिए गहनता से जांच में जुटी है। Source: Source Post navigation नोएडा में 50 हजार के इनामी गैंगस्टर ढेर: सेक्टर-126 में पुलिस से मुठभेड़ में कई गोलियां लगीं, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत; अनिल दुजाना गैंग से जुड़ा था कृष्णगिरि के पास हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जांच में जुटी टीम