रोहतक में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी ने कहा कि हरियाणा दिवस के अवसर पर दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि सैकड़ों गाड़ियों का काफिला रोहतक से रवाना होगा और हजारों लोग रैली में शामिल होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे। कुलदीप केडी ने कहा कि रैली देश के विकास, सुख-शांति के लिए है, लेकिन सबसे बड़ा मुद्दा वोट चोरी है, जिसके लिए मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जात-पात में बांटकर हिटलरशाही कर रही है और आम जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अराजकता देश में भाजपा फैला रही है, जबकि सरकार भाजपा की है और प्रदर्शन विपक्ष के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में कोई विकास नहीं हो रहा, न हॉस्पिटल, न रेलवे लाइन, न मेट्रो लाइन और हर कर्मचारी व वर्ग दुखी है। कुलदीप केडी ने कहा कि रामलीला मैदान पर आधा ग्राउंड आज रात को ही भर दिया जाएगा और बची कसर रविवार को पूरी हो जाएगी तथा सुबह 10 बजे से पहले सारा ग्राउंड भर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि काफिला सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक भारत भूषण बतरा की अगुवाई में रवाना होगा।

Source: Source