सरगुजा के सीतापुर में बीती रात 17 वर्षीय नाबालिग छात्र अनुपम सोनी ने घर में फांसी लगा ली। सुबह परिजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा बारहवीं का छात्र था। करीब एक माह पूर्व छात्र ने तीन युवकों पर मारपीट करने और कपड़े उतरवाकर वीडियो बनाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार घटना के बाद छात्र गुमशुम रहता था। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सीतापुर महामाया पारा निवासी छात्र अनुपम सोनी बीती रात अपने कमरे में सोने चला गया था और सुबह उसे उठाने के लिए पहुंचे तो उसका शव फांसी पर लटका हुआ मिला। परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सीतापुर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। करीब एक माह पूर्व अनुपम सोनी के साथ तीन युवकों ने मारपीट की थी और कपड़े उतरवाकर उसका वीडियो बनाया था तथा शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी। मामले की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो जेल में हैं। बताया गया है कि उक्त घटना के बाद छात्र ने स्कूल जाना बंद कर दिया था और फिर कुछ दिनों से दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक रामकुमार टोप्पो अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की तथा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने कहा कि आशंका है कि छात्र ने रात 2 से 3 बजे के बीच फांसी लगाई थी और परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है तथा पूर्व की घटना से सुसाइड का संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद सामने आएगा। छात्र के पिता धीरज सोनी ज्वेलरी दुकान का संचालन करते हैं और उनके दो अन्य बच्चे कोटा में परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, जिनके पहुंचने के बाद रविवार को छात्र का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Source: Source