फरीदकोट में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हे के बरात लेकर नहीं पहुंचने का मामला सामने आया है। शादी की तैयारियां पूरी होने, रिश्तेदारों के घर पहुंचने और विवाह के कार्ड बंटने के बावजूद निर्धारित तारीख पर बरात नहीं पहुंची। लड़की के परिवार का आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने दहेज में 10 लाख रुपये कैश और चार तोले सोने की मांग की थी और मांग पूरी नहीं होने पर बरात लाने से इंकार कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने दूल्हे समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता फरीदकोट जिले के एक गांव का निवासी है, जिसके अनुसार बेटी का रिश्ता कपूरथला जिले के गांव जातिके संगोजला स्थित गुरुद्वारा नारायणसर के सेवादार शमशेर सिंह के बेटे अमनजोत सिंह के साथ तय हुआ था। अमनजोत का परिवार मूल रूप से फिरोजपुर जिले के गांव वाहके का रहने वाला है। यह रिश्ता फिरोजपुर के गांव शकूर निवासी जगजीत सिंह और उनकी पत्नी सुखजीत कौर ने करवाया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद एक फरवरी 2026 को गांव पक्का स्थित महाराजा ढाबा में शगुन की रस्म भी हुई थी और इसके बाद शादी के लिए चार नवंबर 2026 की तारीख तय की गई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक रिश्ता तय होने के कुछ समय बाद लड़के पक्ष के लोगों ने दहेज में 10 लाख रुपये नकद और चार तोले सोना देने की मांग शुरू कर दी और मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने बरात लेकर नहीं आने की बात कही। लड़की के परिवार ने शादी की तैयारियां पूरी कर ली थीं, विवाह के कार्ड रिश्तेदारों और परिचितों में बांटे जा चुके थे, शादी के लिए जरूरी सामान पर भी खर्च किया जा चुका था और रिश्तेदार घर पहुंच चुके थे, इसके बावजूद निर्धारित तारीख पर दूल्हा पक्ष बरात लेकर नहीं पहुंचा। मामले के जांच अधिकारी एएसआई राज सिंह ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद थाना सदर फरीदकोट में दूल्हे अमनजोत सिंह, उसके पिता शमशेर सिंह, मां सुखजीत कौर, बहन मनजोत कौर और बिचौलियों जगसीर सिंह व सुखजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। Source: Source Post navigation अलीगढ़ में सस्पेंड दरोगा की मौत: फंदे से लटका मिला शव, पिता बोले- तनाव में था बेटा यूपी में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया: शक के चलते दिया अंजाम, बच्चों के साथ फरार