भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के मद्देनजर जिला पठानकोट में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग का कार्य शुक्रवार को विधिवत रूप से शुरू कर दिया गया। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए भारत चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त बीसी पात्रा, प्रिंसिपल सेक्रेटरी (इंस्पेक्शन) विशेष रूप से पठानकोट पहुंचे और ईवीएम तथा वीवीपैट वेयर हाउस में चल रही जांच प्रक्रिया का विस्तारपूर्वक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीसी पात्रा ने विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जिला अध्यक्षों और सचिवों के साथ बैठक कर उन्हें फर्स्ट लेवल चेकिंग की संपूर्ण कार्यप्रणाली से अवगत करवाया और स्पष्ट किया कि इस जांच का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की कार्यकुशलता, तकनीकी सटीकता और विश्वसनीयता को पूरी तरह सुनिश्चित करना है। पात्रा ने कहा कि फर्स्ट लेवल चेकिंग की पूरी प्रक्रिया भारत चुनाव आयोग द्वारा जारी सख्त दिशा-निर्देशों के अनुसार पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही है और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उनकी सक्रिय भागीदारी तथा निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान सभी दलों के प्रतिनिधियों को मशीनों की जांच प्रक्रिया को करीब से देखने का अवसर भी प्रदान किया गया। निरीक्षण के दौरान बीसी पात्रा के साथ एएसओ सतीश कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे, जबकि जिला पठानकोट के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, चुनाव तहसीलदार, ईवीएम/वीवीपैट के नोडल अधिकारी तथा चुनाव विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे। Source: Source Post navigation छत्तीसगढ़ में 1.90 करोड़ मतदाताओं की ड्राफ्ट लिस्ट जारी: महिला वोटरों की संख्या पुरुषों से ज्यादा मोगा में बाघापुराना और धर्मकोट उपचुनाव की तैयारी: 22 वार्डों के लिए बनाए 27 मतदान केंद्र, नामांकन के स्थान भी तय