बहू को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसके स्त्रीधन का दुरुपयोग करने के मामले में कनाडा में रह रहे सास-ससुर को कोर्ट से राहत नहीं मिली। चंडीगढ़ कोर्ट ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। दोनों के खिलाफ जांच में शामिल नहीं होने पर 27 मार्च 2024 को लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। कोर्ट ने कहा कि जांच अधिकारी ने सीआरपीसी की धारा 41ए के तहत नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी जांच में शामिल नहीं हुए। यदि वे जांच में शामिल होने को लेकर गंभीर होते तो नोटिस मिलने के समय भारत आ सकते थे। उस समय एजेंसी ने केवल जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया था। मामले में शिकायतकर्ता रवनीत कौर ने अपने पति हरप्रीत सिंह धीमान, ससुर केसर सिंह और सास कुलविंदर कौर के खिलाफ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना, दहेज की मांग और स्त्रीधन का दुरुपयोग करने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने 5 अप्रैल 2022 को आईपीसी की धारा 406 और 498ए के तहत एफआईआर दर्ज की थी। सुनवाई के दौरान जांच अधिकारी इंस्पेक्टर धर्मिंदर सिंह ने कोर्ट को बताया कि दोनों आरोपी कनाडा में रह रहे हैं। उनके खिलाफ 27 मार्च 2024 को लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। शिकायतकर्ता का पति हरप्रीत सिंह धीमान भी कनाडा में रह रहा है और वह भी जांच में शामिल नहीं हुआ है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसकी शादी हरप्रीत सिंह धीमान के साथ 15 फरवरी 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। यह अरेंज मैरिज थी। सगाई समारोह में पति को हीरे की अंगूठी और कड़ा दिया गया था। सोने की अंगूठी और सास को सोने की चेन दी गई थी। इस समारोह में करीब 100 लोग शामिल हुए थे और लगभग 6 लाख रुपए खर्च किए गए थे। शादी में शिकायतकर्ता के माता-पिता ने उसे तीन सेट गहने दिए थे, जिन्हें आरोपियों ने अपने पास रख लिया। इसके अलावा पति को सोने की चेन और कलाई घड़ी, ससुर को सोने की अंगूठी और सास को सोने की चेन दी गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार शादी पर करीब 15 लाख रुपए खर्च किए गए थे। इसके बावजूद उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। सास-ससुर की ओर से दलील दी गई कि उन्हें बेटे के वैवाहिक विवाद के कारण झूठा फंसाया गया है। उनके खिलाफ लगाए गए आरोप सामान्य और अस्पष्ट हैं। किसी खास तारीख, जगह या घटना का उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने जांच में शामिल होने और पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिया। वहीं सरकारी वकील और शिकायतकर्ता के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी अब तक जांच में शामिल नहीं हुए हैं और उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी हो चुका है। कोर्ट ने यह भी गौर किया कि अग्रिम जमानत याचिका आरोपियों ने खुद दाखिल नहीं की थी, बल्कि उनके पावर ऑफ अटॉर्नी धारक के माध्यम से दाखिल की गई थी। कोर्ट ने अग्रिम जमानत देने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी। हालांकि कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने से आरोपियों की गिरफ्तारी का आधार नहीं बनता। जांच एजेंसी को सुप्रीम कोर्ट के अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य मामले में दिए गए निर्देशों का पालन करना होगा। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत याचिका पर की गई टिप्पणियों का मामले के गुण-दोष पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

Source: Source