छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक ही जमीन को दो बार बेचने का मामला सामने आया है। यहां मूल मालिकों ने वर्ष 1988 में जमीन का पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए सौदा कर दिया था। इसके बावजूद उनकी मृत्यु के बाद वारिसों ने उसी जमीन को वर्ष 2015 में दूसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी। मामला अदालत पहुंचा तो पुराने बैनामे और गवाह की गवाही के आधार पर पहले खरीदार का मालिकाना हक स्वीकार किया गया। अपर जिला न्यायाधीश आदित्य जोशी की अदालत ने निचली अदालत का फैसला पलटते हुए दूसरी रजिस्ट्री को संबंधित जमीन की सीमा तक शून्य और अप्रभावी घोषित कर दिया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जमीन बेचने के बाद वारिसों का उस पर कोई अधिकार नहीं रहता। यह फैसला ऐसे मामलों में अहम माना जा रहा है। कानून विशेषज्ञों ने इसे महत्वपूर्ण बताया है।

Source: Source