छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत 13 सहायक प्राध्यापकों के लिए शैक्षणिक ग्रेड पे मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने ग्रेड पे और उसके बकाया भुगतान की मांग को लेकर दायर याचिका का निराकरण करते हुए उच्च शिक्षा विभाग को उनकी पात्रता की जांच कराने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि यदि याचिकाकर्ता पहले के एक समान मामले में दिए गए आदेश के अनुसार पात्र पाए जाते हैं, तो उनकी शिकायतों का निराकरण किया जाए। पात्रता साबित होने पर शिक्षकों को उसी तारीख से ग्रेड पे का भुगतान करना होगा, जिस तारीख से वे इसके हकदार होंगे। कोर्ट ने मामले में सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह आदेश दिया। शिक्षकों ने फैसले का स्वागत किया है। विभाग अब पात्रता की जांच करेगा।

Source: Source