हिसार के किरतान गांव में वाहन की चपेट में आने से घायल बार्न उल्लू को सोमवार को वन्यजीव विभाग की टीम ने रेस्क्यू किया। टीम उसे डियर पार्क धांसू स्थित केंद्र ले गई। उसके पंखों में चोट लगी थी और वह उड़ नहीं पा रहा था। सुबह ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मुंशी जगदीश वर्मा को उल्लू घायल हालत में मिला। आसपास मौजूद कुत्ते उसे नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। जगदीश ने उसे कुत्तों से बचाकर अपने कार्यालय में रखा और कई घंटे तक देखभाल की। उन्होंने उल्लू को खाने के लिए अंडा और चिकन दिया, लेकिन उसने कुछ नहीं खाया। इसके बाद जगदीश ने वन्यजीव विभाग को सूचना दी। वन्यजीव विभाग के इंस्पेक्टर दिनेश जांगड़ा ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और उल्लू को केंद्र ले गई। उसकी जांच कराकर इलाज किया जाएगा और उसकी स्थिति पर नजर रखी जाएगी। फिलहाल उसे डियर पार्क धांसू पहुंचाया गया है और स्वस्थ होने के बाद उसे प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने पर फैसला लिया जाएगा। बार्न उल्लू रात में शिकार करने वाला पक्षी है, जो मुख्य रूप से खेतों और घरों के आसपास मौजूद चूहों का शिकार करता है। इस कारण इसे किसानों के लिए उपयोगी पक्षी माना जाता है। इसकी सबसे खास पहचान इसका दिल के आकार जैसा चेहरा है, जो काफी हद तक इंसानी चेहरे जैसा दिखाई देता है। भारत में उल्लुओं को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत कानूनी संरक्षण प्राप्त है, इसलिए इन्हें पकड़ना, अपने पास रखना या नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है। वन्यजीव विभाग ने लोगों से अपील की है कि घायल वन्यजीव मिलने पर उसे परेशान न करें और तुरंत विभाग को सूचना दें। Source: Source Post navigation अनंत सिंह की बेटी की शादी में थार-डिफेंडर से लेकर बुलेट-स्कूटर तक की चर्चा, दामाद को मिली करोड़ों की लग्जरी गाड़ी