कोरबा जिला प्रशासन ने गोढ़ी-पंडरीपानी राखड़ डेम से राखड़ परिवहन में अनियमितता की शिकायत पर कार्रवाई की है। जांच में अनुमति प्राप्त स्थल पर राखड़ नहीं मिलने और 43 ट्रिप यानी करीब 1,277 टन फ्लाई ऐश अन्यत्र डंप किए जाने की पुष्टि हुई है। इसे गंभीर पर्यावरणीय अनियमितता मानते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह, कोरबा पूर्व पर 19 लाख 15 हजार 500 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच टीम ने ग्राम बोईदा स्थित अनुमति प्राप्त राखड़ भराव स्थल का निरीक्षण किया, जहां वास्तविक रूप से राखड़ मौजूद नहीं थी। संयंत्र प्रबंधन ने 43 ट्रिप राखड़ के परिवहन की जानकारी दी थी, लेकिन मौके पर एक भी ट्रिप नहीं मिली। क्षेत्रीय अधिकारी छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल कोरबा के प्रसन्न सोनकर ने बताया कि नियमानुसार पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी गई है। अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग रोकने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।

Source: Source