नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग के अधिकारियों ने पंडरी मॉल को सीधा फायदा पहुंचाने के लिए एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन ही तोड़ दी। यहां नया रास्ता बनाया गया है, ताकि गाड़ियां सीधे मॉल की पार्किंग और पंडरी कपड़ा मार्केट तक पहुंच सके। हैरानी की बात यह है कि एक्सप्रेस-वे निर्माण के समय ही तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अनुशंसा पर यह प्रावधान किया गया था कि 12 किमी लंबी सड़क पर कोई नई सड़क या कट नहीं दिया जाएगा। इसके बावजूद अधिकारियों ने नियमों की अनदेखी की और 15 फीट चौड़ी सड़क सीधे एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन से खोल दी गई। इसके चलते न केवल हादसे होंगे, बल्कि एक नया बॉटलनेक भी बन जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या होगी। पंडरी स्थित सिटी सेंटर मॉल के सामने करीब 15 फीट सर्विस लेन काटकर उसे सीधे मॉल के रास्ते में मिला दिया गया है। अब एक्सप्रेस-वे से आने वाली गाड़ियां सीधे मॉल की पार्किंग में प्रवेश करेंगी। स्थिति यह है कि देवेंद्र नगर की ओर से आने वाले वाहन, पंडरी मार्केट जाने वाले लोग, मॉल में प्रवेश करने वाली गाड़ियां और सर्विस लेन का ट्रैफिक एक ही पॉइंट पर आकर फंसेंगे। यानी अफसर ट्रैफिक सुधारने के नाम पर भविष्य का नया “बॉटल नेक” तैयार कर रहे हैं। इसके साथ ही मॉल के सामने बनी नई व्यावसायिक इमारत में दो दर्जन से अधिक दुकानें खुल चुकी हैं। इन दुकानों का सीधा खुलाव एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर है। यहां आने वाले लोग अपने वाहन सर्विस रोड पर ही खड़े कर रहे हैं। पहले से संकरी सर्विस लेन अब और बाधित हो रही है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। शंकर नगर के पास एक्सप्रेस-वे से सटाकर गोदाम बना दिया गया है। यहां से मालवाहक गाड़ियां सीधे एक्सप्रेस-वे पर चढ़ती हैं। सिटी सेंटर मॉल के सामने 15 फीट चौड़ी सड़क खोली गई शहर की लाइफ लाइन है एक्सप्रेस-वे एक्सप्रेस-वे रायपुर शहर की लाइफलाइन है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस सड़क के जरिए स्टेशन से एयरपोर्ट तक का सफर मात्र 15 मिनट में पूरा होता है। यही नहीं शहर के फाफाडीह, देवेंद्र नगर, पंडरी, शंकरनगर, अवंति विहार, तेलीबांधा, अमलीडीह, फुंडहर और धमतरी रोड आने-जाने वालों के लिए यह प्रमुख मार्ग बन चुका है। इससे शहर की कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक दबाव भी कम हुआ है। लेकिन अनियोजित कट और अवैध एंट्री भविष्य में इस व्यवस्था को बिगाड़ सकते हैं। सड़क के दोनों ओर बनाई जानी है दीवार रेलवे स्टेशन से शदाणी दरबार तक बने 12 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे में नियम अनुसार कोई कट नहीं होना चाहिए। ट्रैफिक को निर्बाध रखने के लिए शासन ने सड़क के दोनों ओर कांक्रीट दीवार निर्माण हेतु 14 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। लेकिन ये दीवार कब तक बनेगी, इसका जवाब अधिकारियों के पास नहीं है। अधिकारियों का कहना है- सर्वे पूरा हो चुका है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेंगे। इधर, सड़क पर कट, नई सड़क खोलना, मकानों के दरवाजे और दुकानें यहां खुल रहे हैं। विधायक ने पल्ला झाड़ा, जबकि वही सर्वे करने गए थे, जहां जाम नहीं वहीं जाम की दुहाई दे रहे अफसर पंडरी मॉल के सामने सर्विस लेन खोले जाने की जानकारी मुझे नहीं है। इस संबंध में पता करके ही कुछ बता पाऊंगा।- अरुण साव, मंत्री, पीडब्ल्यूडी अफसरों ने मुझसे पूछा था। मैंने कहा था कि यदि ट्रैफिक की दिक्कत है तो खोल दो। जनता की सुविधा के लिए यह किया गया है। इसमें मेरा कोई रोल नहीं है। अगर परेशानी होगी तो बंद करा देंगे।- पुरंदर मिश्रा, उत्तर विधायक निगम कमिश्नर, पीडब्ल्यूडी और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने पंडरी में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए एक्सप्रेस-वे के सर्विस लेन खोली है। भविष्य में यहां सिग्नल लगाया जाएगा, जिससे यातायात और स्मूथ होगा।- विवेक शुक्ला, एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक सड़क पीडब्ल्यूडी की है। एक्सप्रेस-वे पर सड़क खोलना जोखिम भरा हो सकता है। जनता की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। – मीनल चौबे, महापौर और इन्होंने कहा- ये पूरी तरह से गलत, रास्ता बंद होना चाहिए एक्सप्रेस-वे पर नई सड़क खोलने से नया एक्सीडेंटल जोन तैयार होगा। साफ तौर पर नजर आ रहा है कि बड़े व्यापारियों को फायदा पहुंचाने के लिए इस तरह के फैसले लिए जा रहे हैं। इस फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। – विकास उपाध्याय, पूर्व विधायक जब एक्सप्रेस-वे का निर्माण हुआ था तो मुख्यमंत्री की अनुशंसा पर यह प्रावधान किया गया था कि 12 किमी लंबी इस सड़क पर कोई नई सड़क या कट नहीं दिया जाएगा। दोनों किनारे बंद होंगे, ताकि कोई एंट्री न कर सके। – राजेश मूणत, पूर्व मंत्री, एक्सप्रेस-वे पर कोई भी नया रास्ता नहीं खोलने देना चाहिए। इसी से एक्सीडेंट होते हैं। ऐसा कोई रास्ता खोला गया है तो उसे जनता के हित को ध्यान में रखते हुए बंद करना चाहिए।- बृजमोहन अग्रवाल, सांसद वर्तमान सरकार मॉल को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है। मॉल पर 6 करोड़ का टैक्स बकाया है। लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके उलट, मॉल को एक्सप्रेस-वे से सीधे पहुंच की सुविधा दे दी गई है। – एजाज ढेबर, पूर्व महापौर

: Source