राजनांदगांव दुनिया में कुछ भी असंभव नहीं है। आप जीवन में जो भी बनना चाहते हैं, चाहे डॉक्टर, कलेक्टर, एसपी या इंजीनियर उस लक्ष्य को अपने कमरे की दीवार पर लिख लें। रोज पढ़ते समय यह दीवार आपको अपने ही संकल्प और वादे की याद दिलाएगी। दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो हर सपना पूरा होता है। यह प्रेरणादायी संदेश विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को दिया। डॉ. सिंह स्पीकर हाऊस राजनांदगांव में आयोजित विद्या विभूषण सम्मान 2026 समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के 120 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए डॉ. रमन सिंह ने सभी मेधावियों को 5-5 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। डॉ. कलाम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कभी असफलता से निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि और ताकत से आगे बढ़ना चाहिए। नांदगांव को मिलेगी नेशनल लाइब्रेरी विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शहर के छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी सौगात का जिक्र करते हुए कहा कि राजनांदगांव में नालंदा परिसर की तर्ज पर एक राष्ट्रीय स्तर की सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी बनने जा रही है। इस विश्वस्तरीय लाइब्रेरी में सभी प्रकार की किताबें और संसाधन उपलब्ध रहेंगे। जिसका सीधा लाभ आने वाले समय में यहां के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा। जिले के टॉपर्स को मिला विशेष सम्मान कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति में कक्षा 12वीं की जिला प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले ग्राम सुरगी के छात्र गजेंद्र साहू और कक्षा 10वीं की जिला सूची में स्थान बनाने वाली छात्रा उपमा सिन्हा को 10-10 हजार रुपए की सम्मान राशि भेंट की गई। इस दौरान महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल मौजूद रहे। : Source Post navigation किसकी मंजूरी… मॉल की पार्किंग के सामने एक्सप्रेस-वे पर खोला रास्ता, तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटना की आशंका बलरामपुर एसपी ने किया साप्ताहिक परेड का निरीक्षण:बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया, 5 कर्मचारियों को मिला इनाम, सीन ऑफ क्राइम मोबाइल वैन हुआ लॉन्च